Connect with us

Entertainment

‘रामायण: प्रथम संकल्प’ का भव्य ट्रेलर भारत मंडपम में लॉन्च, भारतीय संस्कृति और सिनेमा का भव्य उत्सव बना आयोजन

नई दिल्ली, 18 जुलाई: भारत की महानतम महागाथा रामायण की भव्यता शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में देखने को मिली, जहां फिल्म ‘रामायण: प्रथम संकल्प’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर शानदार अंदाज़ में लॉन्च किया गया। आध्यात्म, संगीत, आधुनिक तकनीक और भव्य सिनेमाई प्रस्तुति से सजे इस आयोजन में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट, फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां, मीडिया प्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। यह कार्यक्रम साल के सबसे बड़े मनोरंजन आयोजनों में से एक बन गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ ऋखीराम शर्मा की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। उनके मधुर और आध्यात्मिक संगीत ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। भारतीय शास्त्रीय संगीत और आधुनिक धुनों का सुंदर संगम दर्शकों को रामायण की दिव्य दुनिया में ले गया और ट्रेलर लॉन्च से पहले पूरे सभागार में एक अलग ही ऊर्जा भर दी।

शाम का सबसे रोमांचक पल तब आया जब लंकेश रावण की भूमिका निभा रहे अभिनेता यश ने शानदार और सरप्राइज़ एंट्री की। दमदार संगीत, आकर्षक रोशनी और भव्य मंच सज्जा के बीच उनकी एंट्री ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उनकी प्रभावशाली मौजूदगी ने रावण के शक्तिशाली और विराट व्यक्तित्व को जीवंत कर दिया, जिसके बाद पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।

इसके कुछ ही क्षण बाद माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया, जब भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे अभिनेता सनी देओल ने सरप्राइज़ एंट्री की। पूरा भारत मंडपम “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से गूंज उठा। सनी देओल ने हाथ जोड़कर दर्शकों का अभिवादन किया, जिसे लोगों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। यह पल पूरे कार्यक्रम का सबसे भावुक और यादगार क्षण बन गया।

इस भव्य समारोह में निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, रणबीर कपूर (भगवान श्रीराम), साई पल्लवी (माता सीता), रवि दुबे (लक्ष्मण), यश (रावण), सनी देओल (भगवान हनुमान), वरिष्ठ अभिनेता अरुण गोविल सहित फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।

लॉन्च किए गए ट्रेलर में शानदार दृश्य, अत्याधुनिक विज़ुअल इफेक्ट्स (VFX), भव्य सेट, दमदार अभिनय और भावनाओं से भरपूर कहानी की झलक देखने को मिली। ट्रेलर ने यह साफ़ कर दिया कि फिल्म के निर्माता भारतीय संस्कृति और रामायण की पवित्रता को पूरी श्रद्धा के साथ दुनिया भर के दर्शकों तक आधुनिक तकनीक के माध्यम से पहुंचाना चाहते हैं।

इस अवसर पर निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि रामायण उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और उनका उद्देश्य भारत की इस महान कहानी को पूरी दुनिया तक सम्मान और भव्यता के साथ पहुंचाना है। वहीं निर्देशक नितेश तिवारी ने कलाकारों, तकनीकी टीम और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ इस कालजयी महाकाव्य को बड़े पर्दे पर जीवंत बनाने का प्रयास किया है।

कार्यक्रम के अंत में मीडिया, फिल्म जगत और मौजूद अतिथियों ने ट्रेलर की जमकर सराहना की। शानदार संगीत, भव्य दृश्य, कलाकारों की सरप्राइज़ एंट्री और दमदार ट्रेलर ने इस आयोजन को भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार आयोजनों में शामिल कर दिया।

‘रामायण: पार्ट वन’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में दीवाली 2026 पर रिलीज़ होगी, जबकि ‘रामायण: पार्ट टू’ दीवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगी। यह फिल्म भारतीय संस्कृति और विश्व सिनेमा के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने का वादा करती है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *