‘साहब,बीवी और गैंगस्टर’, ‘सुपरनानी’, ‘लाल रंग’, ‘रॉकस्टार’ और ‘कुछ करिए’ जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी बॉलीवुड अभिनेत्री श्रेया नारायण ने हाल में अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक वीडियो जारी कर कहा-उसने बुलाया था। इस वीडियो के आते ही कई लोगों को कौतूहल हुआ कि श्रेया को किसने और कहाँ बुलाया था। हालांकि, वीडियो के अगले ही हिस्से में साफ हो गया कि ‘उसने बुलाया था’ दरअसल लेखक पीयूष पांडे के क्राइम फिक्शन का नाम है, और श्रेया ने इस सनसनीखेज कहानी पर केंद्रित किताब को लेकर सनसनीखेज अंदाज में ही वीडियो पोस्ट किया। श्रेया ने इस अनूठे वीडियो को लेकर कहा, “मैं ‘उसने बुलाया’ था की कहानी को सबसे पहले पढ़ने वालों में हूं। ये देश की हर लड़की से जुड़ी एक बहुत जरुरी कहानी है। ये एक क्राइम फिक्शन है, लेकिन मैं इसमें लोगों की उत्सुकता पैदा करना चाहती थी, और इसलिए मैंने थोड़ा सनसनीखेज स्टाइल में वीडियो बनाया। इस उपन्यास पर फिल्म या वेबसीरिज बनने की पूरी संभावना है, और इसलिए मैं चाहती थी कि इसे पढ़ा जाए।”
‘उसने बुलाया था’ एक ऐसी युवती की कहानी है जो मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) में शोध कर रही है और एक अप्रत्याशित घटना उसे अपराधी घोषित करते हुए अदालत की देहरी पर पहुंचा देती है, जहां रोज होने वाले खुलासे इसे देश का सबसे सनसनीखेज मामला बना देते हैं। दिलचस्प ये कि पत्रकार-लेखक पीयूष पांडे जिस वक्त इस कहानी पर काम कर रहे थे, तब श्रेया नारायण ने ही उनसे कहा कि कहानी पर फिल्म बनने की पूरी संभावना है, इसलिए पहले स्क्रीनप्ले लिखा जाना चाहिए। पीयूष पांडे कहते हैं,”मेरी कहानी पर कई दिग्गजों ने भरोसा जताया था। ‘नाम शबाना’ और ‘द डिप्लोमेट’ जैसी फिल्म के निर्देशक शिवम नायर को मैंने प्लॉट सुनाया तो उन्होंने शानदार कहा। फिर, ‘चक दे’ जैसी कई फिल्में लिख चुके जाने माने स्क्रिप्ट राइटर जयदीप साहनी ने पूरी कहानी सुनने के बाद शानदार कहा तो हौसला बढ़ गया। मैंने पहले स्क्रीनप्ले ही लिखा था। और संयोग से सिंगापुर फिल्म बाजार में कहानी पर फिल्म बनाने के इच्छुक निर्माता भी मिल गए लेकिन मैं उस वक्त एक बड़े न्यूज चैनल में था और तय समय पर डायलॉग समेत पूरा स्क्रीनप्ले उन्हें नहीं दे सका।”
2018 में श्रेया नारायण ने ही सिंगापुर में इस कहानी को कई निर्माताओं के बीच पिच किया था। पीयूष कहते हैं,”फिल्म जब बनेगी तब बनेगी लेकिन मैंने एक जरुरी कहानी पर उपन्यास लिख दिया है।”
‘उसने बुलाया था’ को पेंगुइन स्वदेश ने प्रकाशित किया है। पीयूष पांडे इससे पहले अभिनेता मनोज बाजपेयी की बायोग्राफी लिखकर चर्चा में आए थे। मनोज बाजपेयी की बायोग्राफी हिन्दी और अंग्रेजी में पेंगुइन रेंडम हाउस ने प्रकाशित की है, जबकि इसके गुजराती और मराठी संस्करण भी आ चुके हैं।