गाजियाबाद (TBC News)। नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में आईएएस अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कार्यभार संभाल लिया है। सोमवार शाम को नगर निगम पहुंचने पर निवर्तमान नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने उन्हें गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी फूलों का गुलदस्ता भेंटकर नए नगर आयुक्त का स्वागत किया।

कार्यभार संभालने के तुरंत बाद विक्रमादित्य सिंह मलिक ने विभागीय अधिकारियों से साथ बैठक ली। परिचय के बाद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों से अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रजेंटेशन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जी-20 एवं स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने के लिए कहा। नए नगर आयुक्त ने मंगलवार को संभव जन सुनवाई में भी भाग लिया। लोगों की कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने रात में जी-20 रूट का निरीक्षण किया। उनके साथ सभी विभागों के अधिकारी थे। उन्होंने निर्माण विभाग, उद्यान विभाग, स्वास्थ्य विभाग और प्रकाश विभाग के अधिकारियों को जी-20 के रूट का दौरा करने के निर्देश दिए।
शहर हित में किया जाएगा काम: विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को जी-20 और स्वच्छता सर्वेक्षण के अलावा भी शहर हित में विभागों से संबंधित कार्यों को रफ्तार से पूरा करने के निर्देश दिए। अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान की प्रतिदिन की कंप्लायंस रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यशैली में बदलाव किया जाएगा। शहर वासियों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए बेहतर ढंग से काम किया जाएगा। निगम की आर्थिक स्थिति को और अधिक मजबूत करने के लिए नए उपाय किए जाएंगे।