नई दिल्ली.देश की पहली फुल टाइम महिला रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के चार्ज संभालने के अगले ही दिन (शुक्रवार को) महिलाओं के लिए अच्छी खबर आई। आर्मी में महिला सैनिकों की संख्या बढ़ाने के लिए पहली बार मिलिट्री पुलिस में 874 महिलाओं की भर्ती को मंजूरी मिली है। इसके मुताबिक, हर साल 52 महिलाओं पुलिस में शामिल होंगी। बता दें कि आर्मी चीफ बिपिन रावत कहा था कि कश्मीर में ऑपरेशन के दौरान कई बार महिलाएं आतंकियों की ढाल बनकर सामने आ जाती हैं। इनसे निपटने के लिए भी मिलिट्री पुलिस में महिलाओं की जरूरत है।
– शुक्रवार को लेफ्टिनेंट जनरल अश्विनी कुमार ने बताया कि क्राइम और लैंगिक आरोपों की जांच के लिए लंबे वक्त से मिलिट्री पुलिस में महिला अफसरों की जरूरत महसूस हो रही थी। मिलिट्री पुलिस में शामिल होने वालीं महिला सैनिकों की ट्रेनिंग भी पुरुष सैनिकों की तरह 62 हफ्ते की होगी। भर्ती प्रॉसेस अगले साल से शुरू होगी, फिलहाल इसके ब्लू प्रिंट को फाइनल किया जा रहा।
– बता दें कि, फिलहाल आर्मी में महिलाओं की भर्ती मेडिकल, लीगल, एजुकेशनल, सिग्नल्स और इंजीनियरिंग विंग में होती है। लेकिन अब मिलिट्री पुलिस में आने के बाद उन्हें कैंट की पुलिसिंग, सैनिकों के लिए नियम लागू कराने, युद्ध और शांति के दौरान जवानों के लिए सामान भेजने, युद्ध बंदियों की निगरानी और सिविल पुलिस के साथ को-ऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी भी मिलेगी।