गाजियाबाद (TBC News)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को एक मीडिया संस्थान से जुड़े लोगों पर छापेमारी की। मंगलवार सुबह न्यूजक्लिक से जुड़े सात लोगों के घर पर छापे की कार्रवाई की गई। इसमें दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के सात ठिकानों पर दिल्ली पुलिस पहुंची। इस दौरान सभी के लैपटॉप और फोन जब्त कर लिए गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूजक्लिक वेबसाइट को फाइनेंस करने वाले नोबल राय और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के बीच संबंधों को लेकर ईडी ने 2021 में जांच शुरू की थी। ईडी की रिपोर्ट के आधार पर न्यूजक्लिक से जुड़े सात लोगों के घर पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यह कार्रवाई की है। इस दौरान प्रबीर पुरकायस्थ, संजय राजौरा, उर्मिलेश, भाषा सिंह, ओनिंदो चक्रवर्ती, अभिसार शर्मा और सोहेल हाशमी के घर पर छापेमारी की कार्रवाई हुई है।
अभिसार शर्मा नोएडा में रहते हैं। जबकि उर्मिलेश का घर गाजियाबाद में है। अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन द्वारा न्यूजक्लिक में फंडिंग के आरोपों की जांच के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार सुबह एक साथ न्यूजक्लिक से जुड़े सभी सातों लोगों के घर दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम पहुंची। इस दौरान अभिसार शर्मा ने एक्स पर लिखकर यह जानकारी लोगों के साथ शेयर की। अभिसार शर्मा पहले भी साफ कर चुके हैं कि चीन से जुड़ी फंडिंग का कोई भी लिंक उनके साथ नहीं है।
अभिसार शर्मा और भाषा सिंह ने ट्वीट के जरिए इस मामले की जानकारी दी है। अभिसार ने लिखा है कि दिल्ली पुलिस आज सुबह-सुबह उनके घर पहुंची और उनका लैपटॉप और फोन छीन लिया। वहीं, भाषा सिंह ने लिखा कि वो अपने इस फोन से आखिरी ट्वीट कर रही हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उनका फोन जब्त कर लिया है।