Connect with us

उत्तर प्रदेश

ऑयल मिल में लगी भीषण आग, 12 फायर टेंडर की मदद से आग पर पाया काबू

मोदीनगर। सोमवार की देर मोदीनगर फायर स्टेशन कन्ट्रोल रूम पर चार्ली 3 द्वारा दिल्ली-मेरठ रोड पर मुरादनगर गंग नहर पुल के पास स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना प्राप्त होते ही तत्काल दोनों फायर टेंडर मय फायर सर्विस यूनिट मोदीनगर फायर स्टेशन से घटनास्थल के लिए भेजे गये। मौके पर पहुंचकर देखा कि आग यूसुफपुर-मनोटा गांव के पास पवनपुरी इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर 87-A पर लगभग 2000 वर्गमीटर भूखण्ड पर भूतल पर संचालित “शिवा ऑयल्स एंड केमिकल्स और बीआर एग्रो ऑयल्स” नाम की औद्योगिक इकाईयों में लगी थी। इन औद्योगिक इकाईयों के संचालक रेखा गोयल और हरिप्रकाश गोयल हैं। तत्काल फायर सर्विस यूनिटों ने पंपिंग शुरू करके पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी आग को मुख्य द्वार की तरफ से हौज पाईप फैलाकर बुझाना शुरु किया। साथ ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी, गाजियाबाद को घटना से अवगत कराया।

आग की भयावहता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी तीन फायर टेंडर कोतवाली, दो-दो फायर टेंडर साहिबाबाद और वैशाली व एक-एक फायर टेंडर लोनी, परतापुर (मेरठ), सेक्टर 58 (गौतम बुद्ध नगर) फायर स्टेशनों से घटनास्थल के लिए रवाना कराए और स्वयं भी अल्प समय में घटनास्थल पर पहुंचे। इन औद्योगिक इकाईयों में काफी बड़ी मात्रा में स्टोर किए गए खाद्य तेल और अन्य केमिकल्स के ड्रम्स में शीघ्र ही विस्फोट होने लगे जिससे इन इकाईयों की टीन शेड से निर्मित छत और बॉउंड्री वाल भी गिरनी शुरू हो गई। जिससे के कारण आग बराबर के प्लॉट नंबर 87-B पर लगभग 2000 वर्गमीटर के भूखण्ड के भूतल पर बनी “सिंडिकेट पैकेजिंग प्राईवेट लिमिटेड” गत्ते की फैक्ट्री में पहुंच गई। फायर सर्विस यूनिट ने दो फायर टेंडर से लगातार गत्ता फैक्ट्री की तरफ से पंपिग कर गत्ते के रोल्स में लग चुकी आग को तत्काल बुझा दिया और फ़िर आग को गत्ता फैक्ट्री में लगने से भी रोके रखा।

कुल 12 फायर टेंडर की मदद से उपलब्ध नजदीकी जल स्रोतों से पानी प्राप्त करते हुए लगातार पंपिग कर आग को बुझाने का सिलसिला रुकने नहीं दिया, जिससे कि प्लॉट नंबर 87-A के दूसरी तरफ स्थित एक अन्य फैक्ट्री व साथ ही फैक्ट्री के पीछे स्थित खेतों में तैयार खड़ी गन्ने की फसल को भी इस विकराल आग की जद में आने से बचा लिया गया। इस अग्नि दुघर्टना के सही कारणों का पता नहीं चल सका है और इस अग्नि दुघर्टना में किसी भी व्यक्ति आदि को कोई हानि नहीं पहुंची है। इन फैक्ट्री में से किसी में भी मानकों के अनुसार अग्निशमन व्यवस्था स्थापित नहीं है। इस सम्पूर्ण अग्निशमन एवं बचाव कार्य के दौरान अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग के साथ ही सहायक पुलिस आयुक्त, मोदीनगर एवं स्थानीय पुलिस की टीम भी फायर सर्विस की सहायतार्थ घटनास्थल पर मौजूद रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *