नई दिल्ली(TBC News): पांच राज्यों की 679 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान आज हो गया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मिजोरम में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर को होगा। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में होगा। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 17 नवंबर को होगा। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 नवंबर को होगा। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवंबर को होगा। सभी राज्यों में मतगणना 3 दिसंबर को होगी। मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल इस साल 17 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। वहां मिजो नैशनल फ्रंट सत्ता में है। तेलंगाना, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल जनवरी में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में 60 लाख युवा (18-19 साल उम्र) पहली बार वोट डालेंगे। पांच राज्यों में 2,900 से ज्यादा पोलिंग स्टेशन पर युवा अधिकारी कमान संभालेंगे।
17 अक्टूबर से 30 नवंबर तक पूरे देश में किसी को भी वोटर लिस्ट से संबंधित कोई भी परिवर्धन, विलोपन और संशोधन कराना है तो उसका स्वागत है, वे ऐसा करा सकते हैं।’
दिव्यांग के कुल मतदाताओं की संख्या 17.34 लाख है। अगर वे मतदान केंद्र पर आकर मतदान नहीं कर सकते हैं तो उन्हें उनके घर से भी मतदान करने की सुविधा मिलेगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, ‘मिजोरम, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मध्य प्रदेश की विधानसभा सीटों को मिलाया जाए तो कुल सीटें 679 होंगी। इस समय मिजोरम में 8.52 लाख, छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.2 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ मतदाता हैं। इन सभी को मिलाया जाए तो कुल 8.2 करोड़ पुरुष और 7.8 करोड़ महिला मतदाता हैं।