नोएडा(TBC New)। सीमा हैदर की तरह का एक और मामला सामने आया है। अपने पति के लिए बांग्लादेश से एक महिला नोएडा आई है। बांग्लादेश की 29 साल की सानिया अख्तर अपने एक साल के बच्चे के संग भारत आई है। उसका दावा है कि तीन साल पहले ग्रेटर नोएडा के शिवालिक होम्स सोसायटी में रहने वाले सौरभ कांत तिवारी (47) बांग्लादेश में नौकरी के लिए आए थे। इसी दौरान सौरभ ने उससे शादी रचाई थी। इतना ही सानिया के मुताबिक, सौरभ ने हिंदू से मुस्लिम धर्म अपना लिया है। इसके लिए सानिया ने मैरिज सर्टिफिकेट और धर्म परिवर्तन के कागजात भी पुलिस को दिखाए हैं।

वहीं इस मामले की जांच एसीपी महिला सुरक्षा कर रही हैं। पुलिस सानिया के पति सौरभ कांत तिवारी से भी पूछताछ कर रही है। इस दौरान सानिया ने सौरभ से अपने संबंधों को लेकर कई दस्तावेज पेश किए हैं।
वहीं, सौरभ कांत तिवारी का कहना है कि निकाहनामा और धर्म परिवर्तन के कागज पर सानिया अख्तर और उसके परिजनों ने जबरदस्ती साइन करवाया था। उसने सानिया से तलाक के लिए बांग्लादेश के कोर्ट में अर्जी डाल रखी है लेकिन उसके बावजूद महिला नोएडा में आकर उसे परेशान कर रही है।
सौरभ ने कहा है कि उसका केस बांग्लादेश कोर्ट में चल रहा है। भारत मे उसने किसी तरह का कोई अपराध नही किया है। उसके बावजूद पुलिस कह रही है कि वो सानिया की रहने की व्यवस्था करे। सौरभ ने साफ तौर पर कहा है कि बांग्लादेशी कोर्ट का जो निर्णय होगा वो उसे मानेगा। बच्चे के लिए अगर कोर्ट खर्चा देने को कहेगी तो वो खर्चा भी देगा।
जबकि, दूसरी ओर बांग्लादेशी सानिया के वकील ने कहा कि महिला के बच्चे की तबीयत खराब है। सौरभ ने बांग्लादेश में उससे यह झूठ बोलकर शादी की थी कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। दोबारा शादी के बाद दोनों साथ मे खुश रहेंगे। वकील ने सानिया और सौरभ की कई तस्वीरें भी सामने रखी हैं। फिलहाल, सीमा हैदर की तरह अब सानिया का मामला भी खूब सुर्खियां बटोरने लगा है।