
बंगलुरु (TBC News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ग्रीस से सीधे बंगलुरु पहुंचे और इसरो के कमांडिंग सेंटर पर जाकर वैज्ञानिकों को बधाई दी। मोदी ने इस दौरान इसरो चीफ की पीठ थपथपाई। इस दौरान उन्होंने टीम के सभी वैज्ञानिकों से साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चंद्रमा के जिस हिस्से पर हमारा चंद्रयान उतरा है भारत ने उस स्थान के भी नामकरण का फैसला लिया है। जिस स्थान पर चंद्रयान 3 का मून लैंडर उतरा है, अब उस प्वाइंट को- शिव शक्ति के नाम से जाना जाएगा।

इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में आते ही जल्द से जल्द आपके दर्शन करना चाहता था। आप सबको सैल्यूट करना चाहता था।
यह वो भारत है जो नया सोचता है। नए तरीके से सोचता है। जो डार्क जोन में जाकर भी रोशनी की किरण जगा देता है। भारत आने वाले समय दुनियां की बड़ी-बड़ी मुश्किलों का समाधान करेगा। मेरी आखों के आगे 23 अगस्त का वो पल बार-बार घूम रहा है। पूरे देश में लोग उछल पड़े वो कौन भूल सकता है। वो पल अमर हो गया। 23 अगस्त के दिन को नेशनल स्पेस डे के नाम से जाना जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह 6 बजे एयरपोर्ट पर उतरने के बाद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान का नारा लगाया। इसमें उन्होंने जय अनुसंधान का नारा भी जोड़ा।